रांची (संवाददाता):
रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा सहित आयोग द्वारा आयोजित अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी सभी विवादित जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि राज्य गठन के बाद जेपीएससी और जेएसएससी की कई परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी कारण वे निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सत्याग्रह कर रहे हैं।
आंदोलन को विभिन्न छात्र संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है। कई छात्र नेताओं ने आंदोलन स्थल पहुंचकर अभ्यर्थियों के साथ एकजुटता जताई और इसे युवाओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया। आंदोलनकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से अधिक संख्या में अभ्यर्थी और छात्र संगठन इस अभियान से जुड़ेंगे।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह केवल कुछ अभ्यर्थियों का आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य का सवाल है। उन्होंने सभी छात्र संगठनों से सत्याग्रह का समर्थन करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, एक अभ्यर्थी ने कहा कि उनका उद्देश्य राज्य गठन के बाद आयोजित सभी विवादित जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा भविष्य की सभी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग को सरकार तक पहुंचाना है।