अनिकेत तिवारी, कोटालपोखर संवाददाता
समाचार:
पाकुड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने संगठनात्मक अनुशासन और नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए पाकुड़ जिला अध्यक्ष हसन अंसारी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है।
केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के हस्ताक्षर से जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि संगठन के संज्ञान में हसन अंसारी के विरुद्ध विभिन्न शिकायतें एवं गंभीर आरोप प्राप्त हुए थे। संगठन द्वारा उपलब्ध तथ्यों और सूचनाओं की जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोपों में पर्याप्त आधार पाया गया।
आदेश के अनुसार संगठन की गरिमा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही हसन अंसारी को निर्देश दिया गया है कि संगठन से संबंधित सभी दस्तावेज, अभिलेख, पहचान पत्र एवं अन्य सामग्री तत्काल संबंधित पदाधिकारी को सौंप दें।
संगठन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अब हसन अंसारी संगठन के नाम, पद या अधिकार का किसी भी प्रकार से उपयोग नहीं कर सकेंगे।
इधर इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जेएलकेएम पाकुड़ जिला संगठन की नई जिम्मेदारी किसे सौंपता है और आगे संगठन क्या रणनीति अपनाता है।