बरहरवा संवाददाता।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के आमंत्रण पर रांची स्थित निर्वाचन सदन में आयोजित राज्य स्तरीय डिजिटल क्रिएटर्स मीट में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान SIR (Special Intensive Revision), निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता जागरूकता, डिजिटल मीडिया की भूमिका तथा सोशल मीडिया के माध्यम से तथ्यपरक और विश्वसनीय जानकारी आमजन तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही, भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचाव के लिए डिजिटल क्रिएटर्स से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा की गई।
साहिबगंज जिले से एकमात्र डिजिटल क्रिएटर के रूप में चयनित भास्कर यादव ने इसे अपने लिए गर्व, सम्मान और जिम्मेदारी का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके लिए प्रेरणादायक है और वे भविष्य में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार डिजिटल पत्रकारिता करते रहेंगे।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए झारखंड मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आगे भी जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ प्रस्तुत करने का निरंतर प्रयास जारी रहेगा।