मुहर्रम को लेकर तेनुघाट में शांति बैठक,प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश


तेनुघाट, संवाददाता:
बोकारो उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मुहर्रम पर्व को लेकर नावाडीह थाना क्षेत्र के सुरही गांव में दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों एवं अखाड़ा कमेटी के सदस्यों के साथ आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और मुहर्रम जुलूस व ताजिया की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस दौरान कसमार प्रखंड के मोचरो और गररी गांव के संवेदनशील अखाड़ों में भी आमजनों के साथ बैठक कर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने सभी को जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह, बेरमो अंचल के पुलिस निरीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पूरे अनुमंडल क्षेत्र में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार शांति समितियों के साथ संवाद किया जा रहा है।
![]()




