“कैदियों के स्वास्थ्य और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा करना प्राधिकार की प्राथमिकता है” — शेष नाथ सिंह
लातेहार: जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा लातेहार में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के तत्वावधान में एक दिवसीय विधिक सहायता सह स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का उद्घाटन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार शेष नाथ सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान सदर अस्पताल से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जेल में बंद सभी बंदियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बंदियों का ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, मौसमी बीमारियों सहित अन्य शारीरिक समस्याओं की जांच की गई। मेडिकल टीम ने जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराईं तथा उन्हें संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह दी।
स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ शिविर में बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला जज शेष नाथ सिंह ने कहा कि जेल में रहने के बावजूद किसी भी व्यक्ति के मूल अधिकार समाप्त नहीं होते। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का प्रयास है कि कोई भी बंदी न्याय से वंचित न रहे और सभी को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध हो।
प्राधिकार के सचिव श्री शिवम चौरसिया ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, सरकारी अधिवक्ता की सुविधा, जमानत प्रक्रिया एवं अपील दाखिल करने की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि बंदी किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जेल में उपलब्ध पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) या हेल्प डेस्क के माध्यम से प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर मंडल कारा लातेहार के जेल अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बंदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि इससे बंदियों को न केवल स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिलती है, बल्कि वे अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक होते हैं।
शिविर में चीफ एलएडीसीएस (Chief LADC), जेल के अन्य अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी, साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैरा लीगल वॉलंटियर्स सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।