घाघरा थाना क्षेत्र के चपका के समीप बीते सोमवार की रात एक संदिग्ध घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं—कुछ लोग इसे सड़क दुर्घटना बता रहे हैं, तो कुछ चाकूबाजी की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानते हुए जांच कर रही है।
घायल युवक की पहचान टोटो ग्राम निवासी संजय उरांव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि युवक का पेट बुरी तरह जख्मी हो गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार संजय अपनी भाभी को घाघरा छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल से आया था और देर रात वापस टोटो लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में यह घटना हुई।
थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों के अनुसार यह मामला प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि, चाकूबाजी की बात भी सामने आ रही है, जिस पर भी जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।