पलामू:- पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित जन समाधान कार्यक्रम के दौरान आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन एवं आवास किश्त भुगतान से संबंधित विभिन्न मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कराते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करें। *जमीन से जुड़े मामलों की रही अधिकता* आज के जन समाधान कार्यक्रम में अधिकांश शिकायतें जमीन से संबंधित प्राप्त हुईं।
चैनपुर, लेस्लीगंज एवं उंटारी रोड क्षेत्र से ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं होने की शिकायत सामने आई। वहीं, तरहसी से आए एक फरियादी ने अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद भूमि संबंधित कार्य लंबित रहने की बात कही। इसके अतिरिक्त पारा शिक्षकों के वेतन से जुड़े तीन मामले भी प्राप्त हुए।
रास्ता विवाद से संबंधित दो मामलों को उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
परिसर में ही आमजनों से की मुलाकात
उपायुक्त श्री शेखावत ने समाहरणालय पहुंचते ही परिसर में प्रतीक्षा कर रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, जिससे लोगों में सकारात्मक संदेश गया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।