घाघरा (गुमला) — एनएच 143 ए स्थित घाघरा में बुधवार को घाघरा सिटी हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिले के सिविल सर्जन डॉ. शम्भू नाथ चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद सिविल सर्जन डॉ. चौधरी ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, लैब और 10 बेड वाले आईसीयू सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
अस्पताल के संचालक डॉ. ललन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे खासकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि घाघरा एवं आसपास के क्षेत्रों, खासकर बिशुनपुर प्रखंड के गरीब और किसान परिवारों को अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। अस्पताल में सभी प्रकार की पैथोलॉजी जांच और गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अरविंद कुशल एक्का, जिला परिषद अध्यक्ष सतवंती देवी, प्रखंड प्रमुख सविता देवी, उपप्रमुख सीबा देवी, कृष्णा कुमार लोहरा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के मनोज साहू, मनोज सिन्हा, हेमंत सिंह, विवेक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।