पाकुड़ संवाददाता, पाकुड़।
पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय द्वारा पोषण अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीलू रानी के साथ महिला पर्यवेक्षिका डिंपल प्रियंका एवं चंदा रविदास ने किया। यह आयोजन महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं एवं संबंधित अधिकारियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। इस दौरान “सही पोषण – देश रोशन” संदेश लिखे बैनर के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिशुओं के नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण स्तर की निगरानी तथा संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही, कुपोषण से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।