ललपनिया :
गोमिया प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार पांच हाथियों का एक समूह लुगू पहाड़ से उतरकर चोरगावाँ के केंदूवा बस्ती के आसपास डेरा जमाए हुए है। ये हाथी काफी आक्रामक अवस्था में बताए जा रहे हैं, जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
इसी बीच, 10–12 हाथियों का एक और बड़ा झुंड नदी के उस पार देखा गया है, जो किसी भी समय नदी पार कर आसपास के गांवों में प्रवेश कर सकता है। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग लगातार हाथियों की मूवमेंट पर नजर रख रहा है। विभागीय कर्मियों ने लोगों से अपील की है कि—
- रात के समय महुआ चुनने के लिए जंगल की ओर न जाएं,
- हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें,
- तेज आवाज, पटाखा या किसी भी प्रकार की उत्तेजक हरकत से बचें,
- हाथियों के देखे जाने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
वन विभाग ने कहा है कि हाथी अक्सर भोजन और पानी की तलाश में गांवों का रुख कर लेते हैं, इसलिए ग्रामीणों को अनावश्यक जोखिम न लेने की सलाह दी जा रही है।
फिलहाल दोनों झुंडों की गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।