लातेहार:रामनवमी पर्व के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में टाउन हॉल में जिले अंतर्गत प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी दंडाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रामनवमी आस्था और उल्लास का पर्व है, परंतु इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर पूर्ण जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने को कहा।
उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार एवं महुआडांड़, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस के पूर्व जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थलों की पहचान करें तथा जुलूस के आगे-पीछे एवं विभिन्न स्थानों पर वीडियोग्राफी सुनिश्चित कराएं।
इसके साथ ही, जुलूस समिति द्वारा नामित स्वयंसेवकों से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण वातावरण में जुलूस संपन्न कराने का निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को समय से अपने-अपने स्थल पर पहुंचने को कहा। उन्होंने बताया कि जुलूस के साथ पुलिस दल ध्वनि मापक यंत्र (Sound Meter) लेकर चलेगा, ताकि तेज ध्वनि में गाना बजाने पर रोक लग सके।
सभी थाना प्रभारी को रिजर्व पुलिस बल को हेल्मेट, बॉडी प्रोटेक्टर आदि के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया, जिससे किसी भी स्थिति का सामना तुरंत किया जा सके। पुलिस जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट रूप से कहा गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि रामनवमी का यह पावन पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
इस अवसर पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।