रिपोर्टिंग प्रेम कुमार साहू
घाघरा/गुमला:- घाघरा प्रखंड केन नवडीहा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के तत्वावधान में हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर भव्य झांकी जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ब्लॉक चौक, थाना चौक, चांदनी चौक होते हुए नेतरहाट रोड तक पहुंचा और निर्धारित मार्ग का भ्रमण करते हुए विधिवत संपन्न हुआ।जुलूस के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। “विक्रम संवत अमर रहे” और “भारत माता की जय” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने भी उत्साहपूर्वक जुलूस का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में एक अलग ही उल्लास और उमंग का माहौल देखने को मिला।झांकी में भारत माता, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान के मनोहारी स्वरूपों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए और सभी ने मिलकर हिंदू नववर्ष का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया।