लातेहार। लातेहार पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छिपादोहर थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित माओवादी संगठन के 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां उर्फ फ्रेश भूईयां उर्फ दिलीप उर्फ प्रताप उर्फ अवधेश जी तथा संगठन के सदस्य बबलु राम उर्फ रोहित उर्फ बबलु चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां अपने दस्ता सदस्यों के साथ नेतरहाट, महुआडांड़, बारेसांढ़, गारू और छिपादोहर क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर लातेहार जिले में विशेष अभियान, एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
लगातार अभियान के कारण माओवादी संगठन की सप्लाई चेन बाधित हो गई, जिससे उग्रवादियों को दैनिक उपयोग की सामग्री और राशन जुटाने में कठिनाई होने लगी। इसी क्रम में 12 मार्च को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव में आवश्यक सामान लेने आने वाला है।
सूचना के आधार पर छिपादोहर और गारू थाना पुलिस समेत अन्य सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन, कॉर्डन और सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मृत्युंजय भूईयां पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके विरुद्ध लातेहार, पलामू, गढ़वा सहित छत्तीसगढ़ राज्य में कुल 104 मामले दर्ज हैं। वहीं बबलु राम पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों में कुल 15 मामले दर्ज हैं।