रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला),
गुमला जिले के घाघरा प्रखंड अंतर्गत हापामुनी गांव स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर परिसर में नागपुरी कलाकारों द्वारा मां महामाया के भक्ति गीत के एल्बम की शूटिंग की गई। इस दौरान क्षेत्र के कई युवक-युवतियों ने कलाकार के रूप में भाग लिया, जिसे देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी उमड़ पड़ी।
महावीर रिकॉर्डिंग स्टूडियो घाघरा के कलाकारों द्वारा तैयार किए जा रहे इस एल्बम के लेखक रूपेश सिंह ने बताया कि मां महामाया पर आधारित यह नया नागपुरी भक्ति एल्बम आगामी 18 मार्च तक महावीर यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हापामुनी का महामाया मंदिर क्षेत्र का प्रसिद्ध आस्था केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन करने और मन्नतें मांगने के लिए आते हैं। एल्बम में मंदिर परिसर, पूजा स्थल और माता महामाया के दर्शन को भी दर्शाया गया है, जिससे दर्शकों को मंदिर की धार्मिक आस्था और वातावरण का अनुभव मिल सकेगा।
शूटिंग के दौरान मंदिर के पुजारी एवं मंडा मेला समिति के संरक्षक प्रो. अवध मनी पाठक का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
बताया गया कि महावीर म्यूजिकल ग्रुप घाघरा द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के कई युवक-युवतियों को एल्बम में कलाकार के रूप में शामिल किया जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
मौके पर उपस्थित कलाकारों में गुड़िया कुमारी, रूपा कुमारी, सुचिता कुमारी, रूपेश सिंह, सुनील कुमार प्रभाकर, कैमरामैन सूरज महाकाल, शिव बडाइक, शिवगंगा कुमार, महावीर बेक, मुकेश मनी पाठक, निलेश मनी पाठक, प्रदीप मनी पाठक, मिथिलेश मनी पाठक, शैलेश मनी पाठक सहित कई लोग मौजूद थे।