पाकुड़। आगामी 03 मई को National Testing Agency (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर उपायुक्त मनीष कुमार ने रविवार को पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस क्रम में उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पाकुड़ तथा सीएम एसओई राज +2 उच्च विद्यालय, पाकुड़ का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास प्रबंधन तथा परीक्षा संचालन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक सुझाव भी दिए गए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती एवं एडीपीओ पीयूष कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।