पाकुड़।नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियुक्त सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा ने सोमवार को कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर स्थित ब्रजगृह (स्ट्रॉन्ग रूम), मतपेटिका भंडारण केंद्र तथा मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक ने मतपेटिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था, ब्रजगृह की सतत निगरानी प्रणाली, सीसीटीवी कवरेज, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था एवं सुरक्षा बलों की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतपेटिकाओं की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए।
इसके पश्चात सामान्य प्रेक्षक ने मतगणना को लेकर की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने मतगणना स्थल पर टेबल प्लान, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना कार्य सुचारू एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराया जा सके।
सामान्य प्रेक्षक ने प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया और मतदान एवं मतगणना कार्य में संलग्न कार्मिकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण को प्रभावी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि प्रशिक्षित एवं दक्ष कार्मिकों की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित थे।