घाघरा अंचल अंतर्गत आदर पंचायत के सलगी गांव स्थित वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी फसल को नष्ट कर दिया। इस संबंध में आईपीआरडी ने शनिवार दोपहर 2 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर अंचल अधिकारी घाघरा सुशील खाखा, थाना प्रभारी मोहन सिंह एवं फॉरेस्टर राम शेखर की संयुक्त टीम ने वन क्षेत्र में औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पाया गया कि लगभग 65 डिस्मिल भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गई थी। अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी अवैध फसल को नष्ट कर दिया।
बताया गया कि उक्त भूमि वन विभाग के अधीन है। ऐसे में जिला प्रशासन और वन विभाग के समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अवैध खेती को पूरी तरह समाप्त किया गया।
अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।