प्रेम कुमार साहू,
घाघरा। घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में स्वास्थ्य सहियाओं को सहिया ऐप के माध्यम से कार्य करने को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य सहियाओं को डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के कार्यों को अधिक प्रभावी, सशक्त एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सक्षम बनाना था।
कार्यक्रम में गुमला स्वास्थ्य विभाग के एसटीटी रमाकांत सिंह एवं एकजुट संस्था के प्रतिनिधि सिद्धार्थ कुमार ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान सहियाओं को सहिया ऐप में परिवार विवरण दर्ज करने, जन्म पंजीकरण करने सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों को सही एवं समयबद्ध तरीके से ऐप में भरने की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों द्वारा ऐप के उपयोग के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान बताए गए। साथ ही यह जानकारी दी गई कि सहिया ऐप के माध्यम से कार्य करने से रिपोर्टिंग प्रणाली अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीटीटी सीमा देवी, बबीता देवी, संजोती देवी, हेमंती देवी, पूनम देवी, संगीता देवी, प्रियंका कुमारी सहित कई स्वास्थ्य सहियाएं उपस्थित थीं।