- जल्द ही मिलेगा गढ़वा को अपना क्रिकेट स्टेडियम : उपायुक्त
गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा : झारखण्ड क्रिकेट टीम द्वारा सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के बाद इस ऐतिहासिक उपलब्धि को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ट्रॉफी का राज्यव्यापी भ्रमण कराया जा रहा है। झारखण्ड के सभी जिलों का भ्रमण पूर्ण करने के पश्चात मंगलवार को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी गढ़वा जिला मुख्यालय पहुँची, जहाँ खेलप्रेमियों ने इसका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
झारखण्ड क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा ट्रॉफी को गढ़वा लाया गया। इस अवसर पर बिरसा मुंडा पार्क एवं हेलीपेड स्थित नाट्य ऑडिटोरियम मंच पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। गढ़वा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राज माहेश्वरम, उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा, डॉ. पंकज प्रभात एवं सचिव राघवेंद्र नारायण सिंह ने गाजे-बाजे, आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच ट्रॉफी का अभिनंदन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त दिनेश यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाइक उपस्थित रहे। अतिथियों ने ट्रॉफी को खिलाड़ियों के बीच प्रदर्शित किया, जिससे युवा खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह एवं गर्व की भावना देखने को मिली। खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया।
उपायुक्त दिनेश यादव ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि गढ़वा जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिला प्रशासन खेलों के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि गढ़वा जिले को शीघ्र ही एक सुदृढ़ क्रिकेट मैदान एवं आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी, जिसके लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी समान महत्व देने की सलाह दी और कहा कि वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में भी उज्ज्वल भविष्य की असीम संभावनाएँ हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करें और उचित मार्गदर्शन प्रदान करें।
उपायुक्त ने कहा कि अब तक गढ़वा में समुचित क्रिकेट मैदान एवं स्टेडियम का अभाव रहा है, जिसे दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में जिले के वरीय पदाधिकारी, गढ़वा जिला क्रिकेट संघ के सदस्य, खेल पदाधिकारी, बड़ी संख्या में क्रिकेट खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे। समारोह ने जिले में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा, प्रेरणा और दिशा प्रदान की।