लातेहार।लातेहार शहर स्थित राज होटल में तेली साहू समाज संघर्ष समिति (टीएसफोर), लातेहार की ओर से समस्तीपुर जिला के मोरवा विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्वाचित राजद विधायक रणविजय साहू के स्वागत में आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता टीएसफोर के जिलाध्यक्ष बलराम प्रसाद साहू ने की।
बैठक में बताया गया कि आगामी 28 दिसंबर को कार्निवल्स मैरेज हॉल में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए टीएसफोर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि तेली समाज के मतों से निर्वाचित कई सांसद एवं विधायक समाज की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास की बातें तो दूर, समाज के दुख–सुख में भी अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने साथ नहीं दिया। ऐसे में सामाजिक न्याय और संगठित प्रयास के माध्यम से ही समाज को उसका अधिकार और भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
बैठक में अभिनंदन समारोह को सफल बनाने के लिए गाँव-गाँव जाकर जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया तथा समाज की व्यापक सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई।
तैयारी बैठक में टीएसफोर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील साहू, प्रदेश अध्यक्ष संजय स्नेही, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजू रंजन प्रसाद, जिलाध्यक्ष बलराम प्रसाद साहू, चतरा के पूर्व जिलाध्यक्ष मुरारी साव सहित शम्भु प्रसाद, कमलेश प्रसाद, राजेश प्रसाद गुप्ता, जनार्दन प्रसाद, विश्वनाथ प्रसाद, गोपाल प्रसाद एवं अजय प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे।