जीराफूल चावल की खेप दिल्ली रवाना,किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार
प्लेटफॉर्म के जरिए जीराफूल चावल से किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार

लातेहार, संवाददाता:
जिला प्रशासन एवं DMFT फंड के सहयोग से सोमवार को समाहरणालय परिसर से 6.70 मीट्रिक टन प्रसिद्ध जीराफूल चावल की खेप को “किसान से” ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुड़गांव (दिल्ली) के लिए रवाना किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद एवं डीपीएम जेएसएलपीएस संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को प्रेषित किया।
यह चावल महुआडांड़ स्थित किसान उत्पादक कंपनी (FPC) के माध्यम से भेजा गया है। प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जिले के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। जीराफूल चावल अपनी खुशबू और गुणवत्ता के लिए जाना जाता है, जिसे अब बड़े शहरों में भी पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि “किसान से” प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा। इस योजना से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय कृषि को भी मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन ने कहा कि आने वाले समय में अन्य कृषि उत्पादों को भी इसी प्रकार बड़े बाजारों तक पहुँचाने की योजना है। इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि लातेहार जिले की पहचान भी राज्य और देश स्तर पर मजबूत होगी।
इस पहल को जिले में कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देने, मूल्य संवर्धन एवं किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()





