बरहड़वा।मालदा रेल मंडल के बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेल यात्रियों को अनारक्षित टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ से राहत दिलाने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा जारी ऑनलाइन टिकटिंग ऐप एम-यूटीएस (m-UTS) के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्टेशन परिसर में टिकट बुकिंग काउंटर के समीप आयोजित हुआ।
इस दौरान कमर्शियल इंस्पेक्टर साहिबगंज विकास सिन्हा, रिजर्वेशन सुपरवाइजर अमित कुमार एवं वरिष्ठ वाणिज्य लिपिक अंकुश कुमार ने यात्रियों को एम-यूटीएस ऐप की विशेषताओं एवं उपयोग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्री स्टेशन परिसर में 100 मीटर की परिधि में क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से अनारक्षित टिकट बना सकते हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में रेल पटरी से कम से कम 20 मीटर की दूरी से भी टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि आर-वॉलेट के माध्यम से टिकट बुक करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत का बोनस भी मिलता है। वहीं, टिकट प्रिंट होने से पूर्व उसे रद्द करने की सुविधा भी उपलब्ध है। टिकट रद्द होने की स्थिति में भुगतान की गई राशि यात्री के आर-वॉलेट या बैंक खाते में वापस कर दी जाती है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से एम-यूटीएस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग कर समय की बचत करने एवं टिकट काउंटरों पर भीड़ से बचने की अपील की।