सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत,परिवार में छाया मातम


बरहरवा। उधवा–बरहरवा निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर स्थित माधोपाड़ा हटिया के समीप रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर निवासी सेनाउल शेख (40) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सेनाउल शेख रविवार की शाम बरहरवा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर माधोपाड़ा हटिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे और उन्हें गंभीर अवस्था में राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन फुलवरिया पहुँचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद सेनाउल करीब दो से तीन घंटे तक सड़क पर ही घायल अवस्था में पड़े रहे। सोमवार को परिजनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों ने बताया कि सेनाउल शेख गांव-गांव जाकर अनाज की खरीद-बिक्री कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।
![]()




