लातेहार।जिले भर में शनिवार को “आपकी-योजना आपकी-सरकार आपके-द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह का आयोजन जारी रहा। इसके दूसरे दिन लातेहार जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में विशेष जन–शिविरों का आयोजन किया गया, जहां आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराने का प्रयास किया गया।
आज दिनांक 22 नवंबर 2025 को लातेहार प्रखंड के शीशी, तरवाडीह और नावागढ़ पंचायत, चंदवा प्रखंड के बनहरदी, बारी और सेरक पंचायत, बालूमाथ प्रखंड के मुरपा और मारंगलोड्या पंचायत, बारियातू प्रखंड के फुलसु पंचायत, मनिका प्रखंड के मटलोंग और मनिका पंचायत, बरवाडीह प्रखंड के खुरा और बरवाडीह पंचायत, गारू प्रखंड के धांगरटोला, तथा महुआडांड़ प्रखंड के अम्बाटोली और सोहर पंचायत में शिविर लगाए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और अपने विभिन्न प्रकार के आवेदन, शिकायतें एवं दस्तावेज संबंधी कार्य करवाए।
शिविरों में मुख्य रूप से “झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” में सूचीबद्ध सेवाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया गया। इनमें जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल–खारिज वादों का निपटारा, भूमि मापी (Measurement of Land), भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित पेंशन योजनाओं के आवेदन शामिल थे।
अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ प्रत्येक शिविर में काउंटर स्थापित किए गए थे, जहां ग्रामीणों के आवेदन की जाँच कर उन्हें मौके पर ही स्वीकृति और संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। कई मामलों में लंबे समय से लंबित आवेदनों को शिविर के दौरान ही निष्पादित कर राहत प्रदान की गई।
विभागों ने लगाए जनकल्याणकारी स्टॉल
सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा जानकारी और सेवा प्रदायगी के लिए स्टॉल भी लगाए गए।
सामाजिक सुरक्षा विभाग, कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, पंचायती राज विभाग, मनरेगा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कृषि एवं सहकारिता विभाग, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, ऊर्जा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा जेएसएलपीएस द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आमजनों को योजनाओं का व्यापक परिचय दिया गया।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, PM–किसान, मनरेगा जॉब कार्ड, बीज एवं खाद सब्सिडी, स्वच्छ पेयजल योजनाएँ, स्वास्थ्य योजनाएँ, राशन कार्ड सुधार, शिक्षा से संबंधित दस्तावेज तथा ऊर्जा कनेक्शन समेत अनेक सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
लाभुकों को मौके पर मिली राहत
शिविरों के दौरान कई योग्य लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का सांकेतिक वितरण भी किया गया। कई लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज तथा राशन कार्ड सुधार प्रमाण पत्र मौके पर प्रदान किए गए। वहीं कुछ मामलों में अधिकारियों ने फील्ड वेरिफिकेशन के निर्देश देकर अगले 24–48 घंटे में निस्तारण का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि शिविरों के आयोजन से उन्हें बार–बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है। प्रशासन की ओर से सभी विभागों की संयुक्त उपस्थिति ने प्रक्रिया को सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाया।
जनभागीदारी और पारदर्शिता पर जोर
अधिकारियों ने बताया कि “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और योजनाओं को सीधे ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचाना है। इस अभियान के दौरान सभी पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि अधिकतम लोगों को लाभ पहुँच सके।
कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का बड़ा हिस्सा ऑन द स्पॉट समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।