गोमिया संवाददाता।
गोमिया प्रखंड के जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया गांव में सोमवार की रात हाथियों के झुंड ने कहर बरपाया। जंगली हाथियों के हमले में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के एक दुकान के पास कुछ लोग बैठे हुए थे तभी अचानक चार-पांच हाथी गांव में आ धमके। अफरातफरी के बीच हाथियों ने भागते हुए लोगों में से चरकु महतो (40 वर्ष) और प्रकाश महतो (38 वर्ष) को सूँड़ से पकड़कर पटक दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए ढोल-नगाड़े और मशाल की रोशनी के सहारे हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
दोनों मृतकों के परिवार में एक-एक पुत्र और पुत्री हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गांव के लोगों ने वन विभाग से मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।