बरहरवा।प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नागेश्वर साव ने की।
बैठक में बीडीओ ने सभी जल साहियाओं से उनके क्षेत्र में चल रहे कार्यों की पंचायतवार और ग्रामवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रोत्साहन राशि का भुगतान कार्य के मूल्यांकन के आधार पर ही किया जाएगा।
बीडीओ नागेश्वर साव ने सभी जल साहियाओं को निर्देश दिया कि वे महत्वाकांक्षी योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने का कार्य करें। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक जल साहिया को —
- ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य के रूप में जल स्रोतों की निगरानी करनी होगी,
- खराब हैंडपंपों की मरम्मति,
- आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में चापानलों की देखरेख,
- स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना,
- जल की गुणवत्ता की जांच करना,
- तथा दूषित जल की रिपोर्टिंग वरीय अधिकारियों को प्रतिवेदित करना होगा।
इसके साथ ही बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी जल साहिया हर माह अपनी मासिक रिपोर्ट नियमित रूप से जमा करें।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जेई दिलीप मंडल, कंचन कुमार, एसबीएम प्रखंड समन्वयक बसीम, सहित सभी जल साहिया उपस्थित थीं।