बरहड़वा।प्रखंड के शिव मंदिर परिसर में रविवार को विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस बड़े धूमधाम और धार्मिक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के नगर अध्यक्ष श्यामल दास ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला धर्म प्रसार प्रमुख शत्रुघ्न पोद्दार मौजूद रहे।
स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। नीलू देवी, रूबी देवी, रिंकी देवी, अर्पण रक्षित, बबीता देवी, गौरी देवी, रानी देवी, जूली देवी, फूलन कुमारी, ममता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसमें सभी लोगों ने श्रद्धा भाव से हिस्सा लिया। इसके बाद संगठन से जुड़ी जानकारियों को साझा किया गया। जिला धर्म प्रसार प्रमुख शत्रुघ्न पोद्दार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर में हनुमान चालीसा और रामायण का पाठ होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को भी सनातन धर्म की शिक्षा दें, ताकि आने वाली पीढ़ी सनातन संस्कृति, विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस की भूमिका से परिचित हो सके।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना भी है। इस दौरान वक्ताओं ने लोगों से संगठन के कार्यों को और मजबूती देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने धर्म और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।