अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा। राज्य स्तरीय दिशा समिति (ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार) के सदस्य देवेश तिवारी ने युवाओं से अपील की कि बेरोजगारी की समस्या से लड़ने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर समन्वय बनाकर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए दिशा समिति कार्य कर रही है। जिले के युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका है कि वे इन योजनाओं से जुड़कर स्वयं रोजगार प्राप्त करें और दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें।
देवेश तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा एमएसएमई, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं चलाकर युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। इन योजनाओं से जुड़कर युवा अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं।
गढ़वा की भौगोलिक स्थिति और अंतरराज्यीय सीमाओं से सटे होने के कारण यहां लघु उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। यहां के उत्पादों को देश के अन्य राज्यों में भेजकर लाभ कमाया जा सकता है।
देवेश तिवारी ने कहा कि गढ़वा में स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर लघु उद्योगों की स्थापना की जा सकती है। इससे ना केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी बल मिलेगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की एमएसएमई और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें।