स्वीप कार्यक्रम के तहत मानिकपुर, मुक्का एवं मोंगर गांव में चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान


- जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने लोगों से की मतदान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील
कहा मतदान में स्वयं भी हो शामिल दूसरों को भी करें प्रेरित
आगामी विधानसभा आम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा स्वीप कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पांडेपुर पंचायत के मानिकपुर व मुक्का एवं मोंगर पंचायत के मोंगर गांव में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा ग्रामीणों से मतदाता पहचान पत्र के बारे में जानकारी ली।

साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जिनका भी वोटर आईडी कार्ड नहीं बना है वे संबंधित बीएलओ के पास जाकर जल्द से जल्द बनवा लें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि इस विधानसभा चुनाव में सभी मतदाता मतदान के लिए बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। साथ ही दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस बार विधानसभा आम निर्वाचन में शत प्रतिशत मतदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

कहा कि सभी की भागीदारी से ही लक्ष्य को हासिल करने के साथ साथ मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव है। इस दौरान उक्त तीनों जगह पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। साथ ही ग्रामीणों को मतदान की शपथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिलाई। इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने घर घर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत लोगों के घरों पर पहुंचकर मतदान के लिए प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दीदियों द्वारा रंगोली बनाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सुरजीत कुमार सिंह, उपनिर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ0 चंदन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेम्ब्रम, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी, डीपीएम जेएसएलपीएस संतोष कुमार,बीएलओ, जेएसएलपीएस की दीदियां सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()




