Paschim Bangal:सीमा पार तस्करी का खेल बेनकाब! 130 बोतल फेंसिडिल के साथ बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार
भारत में घुसकर फेंसिडिल की खेप जुटाई, रात के अंधेरे में बांग्लादेश लौटने की थी तैयारी; गुप्त सूचना पर सूती पुलिस की छापेमारी में खुला मामला

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
फरक्का । भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिडिल तस्करी की कोशिश को सूती थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया। रविवार तड़के पुलिस ने सीमावर्ती हसनपुर गांव में छापेमारी कर 130 बोतल फेंसिडिल के साथ एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था और प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप लेकर वापस बांग्लादेश भागने की फिराक में था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांग्लादेश के चापाइनवाबगंज जिले के शिवगंज निवासी जाहिर शेख के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, हसनपुर में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, सूती थाना के आईसी अभिजीत सरकार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी युवक अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर फेंसिडिल की खेप लेकर बांग्लादेश लौटने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सीमावर्ती इलाके में निगरानी व तलाशी अभियान तेज कर दिया। रविवार तड़के हसनपुर गांव में पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से फेंसिडिल की 130 बोतलें बरामद हुईं।
तस्करी के पीछे कौन, पुलिस खंगाल रही कनेक्शन
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल है कि बांग्लादेशी युवक भारतीय क्षेत्र में किसके संपर्क से पहुंचा और उसे फेंसिडिल की खेप किसने उपलब्ध कराई। बरामद कफ सिरप की खेप के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
![]()



