आधी रात गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रहे थे जेएलकेएम नेता, रास्ते में ही हुआ प्रसव;ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
Pakud News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू | पाकुड़।
पाकुड़ संवाददाता ।: आधी रात, सुनसान रास्ता और प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला। ऐसे मुश्किल वक्त में जेएलकेएम के नेता विष्णु पहाड़िया मददगार बनकर सामने आये। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ तत्काल निजी वाहन से महिला को अस्पताल पहुंचाने की पहल की। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। आधी रात को जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए दिखाई गयी इस तत्परता की इलाके में चर्चा हो रही है।
घटना अमड़ापाड़ा प्रखंड की सिंगारसी पंचायत अंतर्गत चाभी गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली गर्भवती महिला सुमन पहाड़िन को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी। रात करीब डेढ़ बजे इसकी सूचना झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय महासचिव सह आदिवासी मोर्चा के पदाधिकारी विष्णु पहाड़िया को मिली। सूचना मिलते ही वे अपने सहयोगियों के साथ सक्रिय हुए और बिना देर किये निजी वाहन से महिला को फतेहपुर सीएचसी ले जाने निकले। इसी दौरान रास्ते में ही महिला ने नवजात को जन्म दे दिया। इसके बाद मां और बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

आदिम जनजाति बहुल गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर उठे सवाल
घटना के बाद विष्णु पहाड़िया ने दूरदराज और आदिम जनजाति बहुल गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में गंभीरता से पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम के कार्यकर्ता जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे भी तत्पर रहेंगे।
जेएलकेएम नेता मार्क बास्की ने विष्णु पहाड़िया और उनके सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधी रात को अपनी नींद छोड़कर किसी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना ही सच्ची समाजसेवा है। पाकुड़ जिला कमेटी गरीबों और जरूरतमंदों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
सरकारी दावों और जमीनी हकीकत पर उठाये सवाल
जेएलकेएम के जिला सचिव जहांगीर अंसारी ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस, डॉक्टर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता अब भी चिंता का विषय है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से दूरदराज के गांवों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने और गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
![]()




