मृत कुत्ते को गंगा में बहाने गए व्यक्ति की डूबने से मौत
ढाई घंटे की तलाश के बाद मिला शव,पत्नी और बच्चों के सिर से उठा सहारा

रिपोर्ट : सोनू कुमार,
राजमहल: मरे हुए कुत्ते को गंगा में बहाने की कोशिश एक व्यक्ति की जिंदगी पर भारी पड़ गई। राजमहल थाना क्षेत्र के नमामि गंगे सीढ़ी घाट पर रविवार सुबह 40 वर्षीय सकल रविदास की डूबने से मौत हो गई। सरकंडा गांव निवासी सकल कुत्ते को नदी में दूर तक बहाने के बाद वापस घाट लौट रहे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। करीब ढाई घंटे तक चली तलाश के बाद ग्रामीणों ने उनका शव नदी से बाहर निकाला। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृत कुत्ते को ठिकाने लगाने के लिए गांव में जुटाया था चंदा
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सरकंडा चौक के पास फोरलेन सड़क पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक कुत्ते की मौत हो गयी थी। रविवार सुबह सकल रविदास ने मृत कुत्ते को ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी उठायी। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों के घर-घर जाकर चंदा भी जुटाया। इसके बाद करीब नौ बजे कुत्ते को लेकर नमामि गंगे सीढ़ी घाट पहुंच गये।

कुत्ते को बहाकर लौट रहे थे, गहरे पानी में हुए लापता
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ग्रामीणों के कहने पर सकल मृत कुत्ते को गंगा में दूर तक बहाने के लिए तैरते हुए नदी के भीतर चले गये। कुत्ते को बहाने के बाद वह वापस घाट की ओर लौटने लगे। इसी दौरान वह बार-बार डुबकी लगाते हुए अचानक गहरे पानी में चले गये। एक बार डुबकी लगाने के बाद वह दोबारा पानी की सतह पर नहीं दिखे। देखते ही देखते घाट पर अफरा-तफरी मच गयी।
ढाई घंटे तक ग्रामीणों ने की तलाश, 11:30 बजे मिला शव
सकल को डूबता देख घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11:30 बजे सकल को अचेत अवस्था में नदी से बाहर निकाला गया। घाट पर मौजूद एक ग्रामीण चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और बच्चों के सिर से उठा सहारा, गांव में मातम
सकल की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। सकल अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गये हैं। परिवार की चीख-पुकार से सरकंडा गांव का माहौल गमगीन हो गया है। जिस व्यक्ति की सुबह एक कुत्ते को ठिकाने लगाने की कोशिश से शुरू हुई थी, उसकी ही जिंदगी का दुखद अंत हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
![]()





