तीनपहाड़ स्टेशन पर आरपीएफ का अभियान, रेल पटरी पार करने वालों पर जुर्माना
रेल पटरी पार करने वाले 6 यात्रियों से 3 हजार जुर्माना, गंदगी फैलाने पर भी कार्रवाई; सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चला जागरूकता अभियान

कोटालपोखर संवाददाता। तीनपहाड़ स्थित मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर आरपीएफ ने शुक्रवार को जागरूकता सह जांच अभियान चलाया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कई यात्री पैदल पुल की बजाय सीधे रेल पटरी पार कर प्लेटफॉर्म बदलते पाए गए। आरपीएफ ने ऐसे यात्रियों को रोककर रेल लाइन पार करने के खतरों के बारे में समझाया और नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया।
जांच के दौरान रेल लाइन पार करते पकड़े गए छह यात्रियों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार उनसे कुल 3,000 रुपये वसूले गए। आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि रेल पटरी पार करना जानलेवा हो सकता है और यात्रियों को हमेशा पैदल पुल का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
इसके अलावा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले एक यात्री पर भी 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 3,200 रुपये की वसूली की गई।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए रेलवे नियमों का पालन करें, रेल लाइन पार न करें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के एसआई ए.के. दुबे, सूरज प्रसाद यादव, अमरेश कुमार समेत अन्य जवान मौजूद रहे।
![]()




