पाकुड़ में भारी वाहनों के खिलाफ आधी रात को चला अभियान, 22 वाहनों से वसूला 2.34 लाख जुर्माना
ओवरलोडिंग और कागजात की जांच में पकड़े गए ट्रक-हाईवा, आठ टन अतिरिक्त गिट्टी लदे हाईवा पर 58,500 रुपये का ई-चालान

रिपोर्ट : केशव तिवारी,
पाकुड़ संवाददाता। सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के चलने वाले भारी वाहन चालकों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त के निर्देश पर विभाग की टीम ने 30 अक्टूबर की रात 11 बजे से 31 अक्टूबर की रात करीब दो बजे तक जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। लगभग तीन घंटे तक चले इस अभियान में ट्रक और हाईवा समेत 40 से 50 भारी वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 34 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई से भारी वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी स्वयं जांच अभियान में मौजूद रहे। विभागीय टीम ने प्यादापुर चेक पोस्ट, डीसी आवास चौक, नगर पालिका चेक पोस्ट गोकुलपुर, जयकिशटोपुर कांटाघर और पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क पर जांच की। विशेष रूप से खनन सामग्री लेकर गुजरने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों पर नजर रखी गई।
कागजात में गड़बड़ी से ओवरलोडिंग तक की जांच
अभियान के दौरान वाहनों के रोड टैक्स, फिटनेस प्रमाण-पत्र, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा, वैध नंबर प्लेट, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न और वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलावों की भी पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।

आठ टन अतिरिक्त गिट्टी लदे हाईवा पर 58,500 रुपये का चालान
जांच के दौरान WB65J-5284 नंबर का एक हाईवा विशेष रूप से कार्रवाई के दायरे में आया। जांच में वाहन पर निर्धारित क्षमता से करीब आठ टन अधिक गिट्टी लदी पाई गई। इसके बाद परिवहन विभाग ने वाहन के खिलाफ 58,500 रुपये का ऑनलाइन ई-चालान जारी किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग कर सड़क पर चलने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लंबित ई-चालान का भुगतान करने की हिदायत
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों को अपने वाहनों पर लंबित ई-चालान की जांच कर जल्द भुगतान करने की हिदायत दी है। सरकारी पोर्टल पर वाहन का विवरण दर्ज कर बकाया चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान लंबित चालान मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भुगतान नहीं करने की स्थिति में वाहन जब्त करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिलेभर में जारी रहेगा जांच अभियान
जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि भारी वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर नियमित रूप से जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाना, सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
![]()





