तालझारी में साइबरअपराध के कई मामले,रोजगार सेवक का मोबाइल हैक
तालझारी में साइबर अपराधियों का आतंक, एक सप्ताह में कई मामले आए सामने

तालझारी। रिपोर्ट: शोनू कुमार,
तालझारी:-तालझारी प्रखंड में साइबर अपराधियों की कथित सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहले मोबाइल हैक कर लोगों के बैंक खातों से रकम निकाले जाने के मामले सामने आए और अब करणपुरा पंचायत में कार्यरत रोजगार सेवक निरंजन ओझा का मोबाइल हैक होने की घटना सामने आयी है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने मोबाइल और बैंक खातों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, रोजगार सेवक के मामले में आर्थिक नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले खातों से निकली रकम,अब रोजगार सेवक का मोबाइल हैक
करीब एक सप्ताह पहले बेलदारचक निवासी सोनेलाल ठाकुर का मोबाइल हैक कर विभिन्न लोगों के बैंक खातों से राशि निकाल ली गई थी। इसके बाद तालझारी थाना क्षेत्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता के बैंक खाते से भी मोटी रकम निकाले जाने का मामला सामने आया। अब रोजगार सेवक का मोबाइल हैक होने की घटना ने साइबर अपराध से जुड़ी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

लगातार घटनाएं, साइबर सुरक्षा पर सवाल
कम समय में एक के बाद एक मामले सामने आने से क्षेत्र में साइबर अपराध को लेकर चर्चा तेज है। लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर मोबाइल हैकिंग और खातों से रकम निकाले जाने की घटनाओं पर अंकुश कैसे लगेगा। मोबाइल हैक होने की सूचना मात्र से भी निजी जानकारी और वित्तीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
सतर्कता जरूरी, जांच पर टिकी नजरें
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर निजी जानकारी साझा करने और ओटीपी बताने से बचने की जरूरत है। वहीं, इन मामलों में पुलिस की जांच और कार्रवाई को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हैं। फिलहाल रोजगार सेवक के मोबाइल हैक होने के मामले में आगे की कार्रवाई और संभावित नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है।
![]()





