प्रेमिका के घर के दरवाजे पर फंदे से लटका मिला युवक का शव,गांव में सनसनी
पहली पत्नी की दूसरी शादी के बाद से परेशान था युवक, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव के पहलुओं पर पुलिस कर रही जांच

केशव तिवारी,
पाकुड़ संवाददाता। पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काशीला गांव में करीब 30 वर्षीय युवक का शव कथित प्रेमिका के घर के दरवाजे पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के सहरपुर लातार टोला निवासी बाबूजन उर्फ बाबूधन हांसदा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मृतक के बड़े भाई गणेश हांसदा ने बताया कि बाबूजन का काशीला गांव निवासी तालामय मुर्मू की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग था। वह कई वर्षों से गांव आता-जाता था। उनके अनुसार, बाबूजन की पहली पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं, जो अपनी मां के साथ रहते हैं। भाई ने बताया कि पहली पत्नी की दूसरी शादी के बाद से बाबूजन परेशान रहता था।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य मंजुला हांसदा भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
![]()





