लातेहार पुलिस ने दुर्गा पूजा को लेकर किया दंगा निरोधक मॉक ड्रिल
आपात स्थिति से निपटने और भीड़ नियंत्रण का जवानों ने किया अभ्यास, पुलिसकर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

दुर्गा पूजा को लेकर लातेहार पुलिस अलर्ट, पुलिस केंद्र में दंगा निरोधक मॉक ड्रिल का आयोजन

लातेहार। दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस केंद्र में दंगा निरोधक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में पुलिस बल को उपद्रव और उग्र भीड़ जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, दंगा निरोधक ढाल सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस जवानों ने निर्धारित फॉर्मेशन में तैनाती और भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। इस दौरान भीड़ को चेतावनी देने तथा टियर गैस शेल और स्टन ग्रेनेड जैसे दंगा निरोधक उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

अभ्यास के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस बल के जवानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रखना है।
![]()




