ढाई माह से लापता नाबालिग राजस्थान में मिली, तकनीकी सुराग के सहारे पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
Paschim Bangal

फरक्का ।मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र से करीब ढाई माह पहले लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है। लंबे समय से जारी तलाश के बीच तकनीकी निगरानी से मिले अहम सुराग ने पुलिस को राजस्थान तक पहुंचाया। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर नाबालिग को बरामद किया। जंगीपुर के पुलिस अधीक्षक सुरेन्दर सिंह के निर्देश पर समशेरगंज थाना प्रभारी सह आईसी कुणाल कांति दास के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गयी।
धुलियान के वार्ड-15 से अचानक लापता हुई थी लड़की
पुलिस के अनुसार, धुलियान नगरपालिका के वार्ड संख्या 15 स्थित एक घर से नाबालिग के अचानक लापता होने की सूचना मिली थी। मामला सामने आने के बाद समशेरगंज पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। नाबालिग की बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

तकनीकी निगरानी ने खोला राज, राजस्थान में छापेमारी
नाबालिग की तलाश में जुटी पुलिस ने तकनीकी माध्यमों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ायी। इसी दौरान राजस्थान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण लिंक हाथ लगा। सुराग की पुष्टि के बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और एक इलाके में छापेमारी की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग को एक संदिग्ध स्थान से सकुशल बरामद कर लिया।
बहरमपुर के होम में रखा गया, कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपेगी पुलिस
बरामदगी के बाद नाबालिग को पश्चिम बंगाल लाया गया है। फिलहाल उसे बहरमपुर स्थित होम में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
किन परिस्थितियों में लापता हुई थी नाबालिग, जांच जारी
समशेरगंज थाना प्रभारी कुणाल कांति दास ने बताया कि नाबालिग के लापता होने के पीछे के कारणों और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाबालिग किन परिस्थितियों में घर से लापता हुई थी और वह राजस्थान तक कैसे पहुंची।
करीब ढाई माह बाद नाबालिग की सकुशल बरामदगी से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हालांकि, उसके लापता होने की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
![]()




