पाकुड़ से पटना-दिल्ली ट्रेन की बढ़ी उम्मीद, बंद डॉरमेट्री भी होगी शुरू
पूर्व रेलवे की जीएम गीतिका पांडेय ने स्टेशन और कोल साइडिंग का किया निरीक्षण, लोडिंग बढ़ाने व यात्री सुविधाओं पर दिया जोर

पाकुड़ संवाददाता ।पाकुड़ के रेल यात्रियों के लिए बुधवार का दिन उम्मीदों भरा रहा। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय विशेष सैलून से पाकुड़ पहुंचीं और स्टेशन से लेकर कोल साइडिंग तक रेलवे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके दौरे के बाद पाकुड़ से पटना और दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा शुरू होने तथा लंबे समय से बंद डॉरमेट्री सुविधा दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गयी है।
स्टेशन पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों ने जीएम का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित संकट मोचन मंदिर में पूजा-अर्चना की। फिर कोल साइडिंग पहुंचकर कोयला लोडिंग और रेलवे से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कंपनियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

राजस्व में अहम है पाकुड़, लोडिंग बढ़ाने का निर्देश
निरीक्षण के बाद जीएम गीतिका पांडेय ने कहा कि हावड़ा डिवीजन में पाकुड़ राजस्व के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। रेलवे क्षेत्र में कामकाज और सुविधाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ का यह उनका पहला निरीक्षण है और जांच के दौरान कोई बड़ी खामी नहीं मिली।
उन्होंने अधिकारियों को कोयला लोडिंग बढ़ाने और रेलवे के राजस्व में वृद्धि के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
पटना-दिल्ली ट्रेन के लिए चल रही पहल
पाकुड़ को पटना और दिल्ली से सीधी रेल सेवा से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इस पर जीएम ने कहा कि पाकुड़ से प्रमुख शहरों के लिए ट्रेन कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर पहल की जा रही है। पटना और दिल्ली के लिए ट्रेन परिचालन शुरू करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
जीएम के इस बयान से क्षेत्र के रेल यात्रियों में नयी उम्मीद जगी है।
- बंद डॉरमेट्री फिर खुलेगी, महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर
पाकुड़ स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बंद पड़ी डॉरमेट्री सेवा को फिर से शुरू करने की दिशा में प्रयास किया जायेगा। जीएम ने अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
उन्होंने महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने की बात कही।
गंगा कटाव के बाद 24 घंटे में बहाल हुआ परिचालन
महाराजपुर के समीप गंगा कटाव से प्रभावित रेल परिचालन का भी जीएम ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रेलवे ने युद्धस्तर पर काम करते हुए 24 घंटे के भीतर रेल परिचालन को फिर से सुचारू कर दिया।मौके पर डीआरएम विशाल कपूर समेत पूर्व रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
![]()





