नाली निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बना परेशानी का सबब, हादसे को दे रहा न्योता
Palamu News

संवाददाता:अनुज तिवारी,
लहलहे से लेस्लीगंज रोड को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे के किनारे लहलहे पंचायत के ग्राम सिंदुरिया, नावाटोली में नाली निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा अब आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे लंबे हिस्से में गड्ढा खोद दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और गड्ढे के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
इस मार्ग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के किनारे खुला गड्ढा वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। खासकर रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब गड्ढा दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देता।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और तब तक गड्ढे के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिल सके।
अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार विभाग या फिर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और संभावित हादसे को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।
![]()




