Palamu:विकलांगता प्रमाण पत्र और पेंशन के इंतजार में ददन सिंह,
Palamu news:आवास योजना का भी नहीं मिला लाभ

सतबरवा से दिनेश यादव की रिपोर्ट,
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत बकोरिया पंचायत के बंसी टोला निवासी करीब 40 वर्षीय ददन सिंह सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। ददन सिंह, पिता महेश्वर सिंह, दोनों हाथों से दिव्यांग हैं। उनका कहना है कि अब तक उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन सका है, जिसके कारण उन्हें दिव्यांग पेंशन का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इसके अलावा उन्हें आवास योजना का लाभ मिलने की भी प्रतीक्षा है।

ददन सिंह के अनुसार, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्हें अब तक किसी प्रमुख सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने प्रशासन से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने, दिव्यांग पेंशन शुरू कराने और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलामू जिले की रबदा और बकोरिया पंचायत मेसो क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं और इन पंचायतों में पेसा कानून भी लागू है। इसके बावजूद ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में कई स्तरों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन क्षेत्रों में कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ददन सिंह जैसे अन्य जरूरतमंद लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का इंतजार है। उनका कहना है कि पात्र लाभुकों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष पहल की आवश्यकता है।
इस संबंध में स्थानीय मुखिया ने बताया कि पंचायत स्तर से जो भी संभव होगा, जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं।
ददन सिंह ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कराने तथा पात्रता के आधार पर पेंशन और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
![]()




