लातेहार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश

लातेहार (ब्यूरो)।
उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों की प्रगति तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि मार्च 2026 से अगस्त 2026 के बीच 84 सड़क दुर्घटनाओं में 68 लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इस पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता जताते हुए सभी विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

सड़क सुधार और सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग एवं NHAI को निर्देश दिया कि
- लातेहार–मनिका सड़क के पतकी पिकेट के पास झाड़ियों की सफाई और सुरक्षा उपाय किए जाएं
- NH-39 पर बने गड्ढों की मरम्मत एवं साइनेज लगाए जाएं
- खतरनाक मोड़ों पर कॉन्वेक्स मिरर लगाए जाएं
- NH-22 एवं डेढ़टंगवा घाटी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य शीघ्र पूरा किया जाए
- लोहरदगा–चांपी–चंदवा मार्ग पर चौड़ीकरण और सुरक्षा संकेत लगाए जाएं
इसके अलावा महुआडांड़–चांपी रोड और कुरुंद घाटी में रोड एज, स्पीड लिमिट बोर्ड और अन्य सुरक्षा संकेत लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस और परिवहन विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि
- बिना हेलमेट, सीटबेल्ट और ट्रिपल राइडिंग पर सख्ती से कार्रवाई करें
- नशे में वाहन चलाने वालों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग बढ़ाएं
- बार-बार चालान नहीं भरने वाले वाहन चालकों पर विशेष कार्रवाई करें
परिवहन विभाग को
- नियमित वाहन जांच अभियान चलाने
- CCTV के माध्यम से ऑनलाइन चालान जारी करने
- दुर्घटना संभावित स्थलों की सूची तैयार करने
का निर्देश दिया गया।
जागरूकता अभियान और अन्य निर्देश
- शिक्षा विभाग को स्कूलों-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया
- नगर पंचायत को अवैध पार्किंग पर e-Challan की कार्रवाई के निर्देश दिए गए
- स्वास्थ्य विभाग को कोलियरी क्षेत्रों में मेडिकल कैंप और चालकों की आंख जांच सुनिश्चित करने को कहा गया
- सभी CHC में एंबुलेंस उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा हिंडालको कंपनी को चंदवा CHC में हाई-टेक एंबुलेंस देने का निर्देश दिया गया
जन-जागरूकता पर विशेष फोकस
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को साप्ताहिक बाजारों में ऑडियो-वीडियो माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने को कहा गया। साथ ही गुड समेरिटन पॉलिसी के तहत दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, सिविल सर्जन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()




