मदरसा दाउदिया में सदस्य चयन को लेकर हंगामा, प्रक्रिया फिलहाल स्थगित
pakud news

कोटालपोखर संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के लाधोपाड़ा स्थित मदरसा दाउदिया में दानदाता सदस्य एवं शिक्षक प्रतिनिधि के चयन को लेकर शुक्रवार को आयोजित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गयी। कुछ ग्रामीणों और सदस्यों द्वारा चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताये जाने के बाद बैठक को स्थगित कर दिया गया। अब नयी तिथि की जानकारी प्रधान मौलवी की ओर से दी जायेगी।
सूचना नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने जतायी आपत्ति
जानकारी के अनुसार, मदरसा परिसर में दानदाता सदस्य और शिक्षक प्रतिनिधि के चयन के लिए बैठक आयोजित की गयी थी। स्थानीय विधायक प्रतिनिधि सह पदेन सदस्य बरकत खान तथा शिक्षाविद सह परिषद प्रतिनिधि प्रोफेसर डॉ. नजरुल इस्लाम बैठक में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों और सदस्यों ने बैठक की सूचना उन्हें नहीं मिलने की बात कही और चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जतायी।

मनमानी का आरोप लगाकर किया विरोध
ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में कथित मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बैठक में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी। मामला बढ़ता देख विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने ग्रामीणों और सदस्यों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद चयन प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
प्रधान मौलवी से वार्ता के बाद स्थगित हुई प्रक्रिया
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने बताया कि मदरसा के प्रधान मौलवी महबूब आलम से वार्ता के बाद फिलहाल चयन प्रक्रिया स्थगित कर दी गयी है। नयी तिथि अभी निर्धारित नहीं की गयी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रधान मौलवी की ओर से संबंधित लोगों को चयन की नयी तिथि की सूचना दी जायेगी। इसके बाद नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
![]()





