मिर्जाचौकी स्टेशन पर शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार
कोटालपोखर

कोटालपोखर संवाददाता। मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी के खिलाफ आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो युवकों को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों युवक शराब से भरे बैग लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने उन्हें रोककर बैग की तलाशी ली, जिसमें शराब बरामद हुई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर ने बताया कि स्टेशन परिसर में अवैध शराब की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिलने के बाद एएसआई ए. दास के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए लगाया गया था। टीम ने स्टेशन परिसर में यात्रियों और उनके सामान की जांच शुरू की।

बैग की तलाशी में मिली शराब
जांच के दौरान दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर आरपीएफ ने उन्हें रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान भागलपुर के बरारी निवासी दुर्गा कुमार के बैग से रॉयल स्टैग ब्रांड की 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में मिर्जाचौकी निवासी सुमन के पास से 34 लीटर देसी शराब बरामद होने की बात सामने आयी। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली।
उत्पाद विभाग को सौंपी गयी जब्त शराब
आरपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार, जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गयी। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में शराब की अवैध आवाजाही रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों के सामान और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
![]()





