राजमहल में 36 लाख की लागत से बनेगा नया क्लासरूम, विधायक एमटी राजा ने किया शिलान्यास
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता। राजमहल शहर स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत की गई। राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विद्यालय परिसर में चार कमरों वाले नए क्लासरूम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

यह निर्माण कार्य झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से लगभग 36 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। नए क्लासरूम बनने के बाद विद्यालय में छात्राओं के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पढ़ाई का माहौल और बेहतर होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और छात्राओं की सुरक्षा एवं शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई को लेकर भी विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक एमटी राजा ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खिड़कियों में जाली लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय विकास से जुड़े मुद्दों पर जल्द ही प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य रीमा पाठक ने विधायक के समक्ष मुख्य द्वार और चारदीवारी निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्राचार्य रीमा पाठक, प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जितेन्द्र यादव, रतन राय सहित कई लोग उपस्थित रहे।
![]()




