Latehar News:हरखा और लेधपा गांव में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
Latehar News

लातेहार। “मेरा युवा भारत” के तत्वावधान में लातेहार प्रखंड के हरखा और लेधपा गांव में “नशा मुक्ति युवा–विकसित भारत” अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। युवाओं ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए यह संदेश दिया कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। इस मौके पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में उन्होंने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर सीता कुमारी, रीता कुमारी, रिमझिम, अशोक सिंह, धर्मशिला देवी, विनोद सिंह एवं राहुल कुमार सिंह सहित कई युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में “मेरा युवा भारत” के कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुकेश कुमार सिंह, दिव्या कुमारी तथा नीरज कुमार ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया और युवाओं को जागरूक करने में अहम योगदान दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल-कूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
![]()




