पुठिमारी में 9 टन सरकारी गेहूं लदा ट्रक जब्त,कथित मालिक गिरफ्तार
top news

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का संवाददाता। पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा से सटे पुठिमारी इलाके में वाहन जांच के दौरान समशेरगंज थाना पुलिस ने करीब नौ टन गेहूं लदा एक ट्रक जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, ट्रक में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन दुकानों के लिए उपलब्ध कराया जाने वाला सरकारी गेहूं लदा था। मामले में पुलिस ने गेहूं के कथित मालिक मनिरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस को देखते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जब्त ट्रक का नंबर WB 11-4192 बताया गया है।
जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक पर पड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार देर शाम पुठिमारी सीमा क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने गेहूं लदे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में गेहूं मिला। गेहूं की प्रकृति और उससे संबंधित दस्तावेजों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की।

राशन दुकानों से गेहूं जुटाने का दावा
समशेरगंज थाना के नये आईसी कुणाल कांति दास और फरक्का के नये एसडीपीओ दीपेंद्र तमांग ने प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मनिरुल इस्लाम ने गेहूं का कथित मालिक होने की बात सामने आयी। पुलिस द्वारा गेहूं से संबंधित कागजात मांगे जाने पर उसने कथित तौर पर बताया कि अलग-अलग राशन दुकानों से गेहूं एकत्र कर उसे पाकुड़ भेजा जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे गेहूं को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ायी और मनिरुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया।
चालक की तलाश, दस्तावेजों की भी जांच
गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेहूं किन स्थानों से लाया गया था, इसे पाकुड़ क्यों भेजा जा रहा था और इसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। पुलिस पूरे मामले में संबंधित पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
![]()





