पाकुड़ में एमएमडीआर संशोधन के खिलाफ झामुमो का धरना, केंद्र पर अधिकार छीनने का आरोप
Pakud News

पाकुड़: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पाकुड़ प्रखंड कमेटी के बैनर तले प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र सरकार पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया। जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम खनिज संपन्न राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को कमजोर करने वाला कदम है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के संविधान पीठ के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि राज्यों को खनिज संसाधनों पर कर लगाने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन केंद्र सरकार का यह संशोधन उस अधिकार को सीमित करने की दिशा में है। इससे झारखंड जैसे राज्यों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने भी केंद्र की खनिज नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे झारखंड के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य के लंबित खनन बकाये का शीघ्र भुगतान करने की मांग की और कहा कि खनिज संसाधनों से होने वाले राजस्व में स्थानीय लोगों और राज्य के अधिकारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
वहीं प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में एमएमडीआर संशोधन अधिनियम की धारा 9डी को हटाने की मांग की गई है। इसके साथ ही खनिज उत्पादक राज्यों के अधिकारों की रक्षा, झारखंड के बकाया खनन राजस्व का भुगतान तथा खनिज नीति में आदिवासी-मूलवासी समुदाय के हितों को प्राथमिकता देने की बात रखी गई है।
धरना कार्यक्रम के उपरांत जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख एवं नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष कदम रसूल, केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, युवा उपाध्यक्ष रेजाउल हक, प्रखंड सचिव राजेश सरकार, उपाध्यक्ष अजफरुल शेख, रामसिंह टुडू, इस्माइल रहमान, सत्तार शेख, प्रकाश हांसदा, महिला प्रखंड अध्यक्ष मीना मुर्मू, मुसर्रफ हुसैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()




