राजमहल कस्तूरबा विद्यालय में बेटी बचाओ अभियान जागरूकता कार्यक्रम
राजमहल कस्तूरबा विद्यालय में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को स्वास्थ्य व अधिकारों की दी जानकारी

कोटालपोखर संवाददाता,
साहिबगंज,बालिकाओं के समग्र विकास, सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत राजमहल प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देश पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पोषण, किशोरावस्था स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम और यौन शोषण से बचाव के उपायों से अवगत कराया गया। इस दौरान POCSO अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की भी जानकारी दी गई।

संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, दत्तक ग्रहण एवं सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बालिकाओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
माहवारी स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। इसके साथ ही ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और बेटी सम्मान का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मोहम्मद खालिद एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
![]()



