फरियादियों की समस्याओं पर डीसी गंभीर,जन समाधान दिवस में अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता। पाकुड समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस में डीसी मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित और समयबद्ध
कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कई मामलों को लेकर पहुंचे लोग
जन समाधान दिवस में खेती करने से रोकने, पैतृक संपत्ति को ऑनलाइन दर्ज कराने, आंगनबाड़ी केंद्र गदरपाड़ा पश्चिम में सेविका पद पर चयन, इलाज के लिए आर्थिक सहायता, तालाब जीर्णोद्धार समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. डीसी ने सभी मामलों की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन करने को कहा.

जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता
डीसी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी मंच है. इसके माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं.
समय-सीमा में आवेदन निपटाने का निर्देश
डीसी ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
![]()




